मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

कांग्रेस के पूर्व विरोधी पक्ष नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा जगद्गुरु नरेंद्राचार्यजी महाराज को लेकर दिए गए विवादित बयान के विरोध में धुले में एक बड़ा मोर्चा निकाला गया।
नरेंद्राचार्य महाराज के शिष्यों और अनुयायियों ने शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध मार्च निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
मोर्चे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की और वडेट्टीवार की तस्वीर पर जूते चप्पल मारकर तीव्र विरोध जताया।
आंदोलनकारियों का कहना था कि संतों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना अनुचित है, क्योंकि इससे लाखों भक्तों की भावनाएँ आहत होती हैं।
वडेट्टीवार के बयान पर कड़ी प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं, और उनके इस बयान से अनुयायियों में नाराजगी बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि वडेट्टीवार तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी माँगें।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर उन्होंने विरोध जताया। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि वडेट्टीवार इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं ?


