■ पुलिस जाँच में जुटी
सतीश सोनी/मुंबई वार्ता
त्र्यंबकेश्वर तीर्थक्षेत्र में दिनदहाड़े एक साधू की हत्या की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। महंतों और आखाड़ा परिषद ने आरोप लगाया है कि कुछ हमलावरों द्वारा साधू की पिटाई के कारण उनकी मौत हुई।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा गया है। पहले इसे अकस्मात मृत्यु के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन फुटेज के आधार पर अब हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

साधू और महंतों ने त्र्यंबकेश्वर में शराबबंदी की मांग की है, क्योंकि उनका कहना है कि शराब के कारण अपराध और अनुशासनहीनता बढ़ रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम प्रभाकर सदाशिव भोटे था, जिनकी उम्र 52 वर्ष थी।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बुरी तरह पीटा था, जिससे उनकी मृत्यु हुई।
पुलिस ने अब हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
मृतक सदाशिव प्रभाकर खोटे( 52), इगतपुरी तालुका के पिंपळगाव डुकरा के निवासी थे और हाल ही में त्र्यंबकेश्वर में ठहरे हुए थे। इस घटना के बाद साधू और महंतों ने आगामी कुंभमेले को ध्यान में रखते हुए त्र्यंबकेश्वर में शराब की दुकानों को बंद करने की मांग तेज कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।


