■ मनपा अधिकारियों समेत ठेकेदारों पर मामला दर्ज।
श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई उपनगर में स्थित मीठी नदी के पुनर्वास के नाम पर करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी करने वाले मनपा अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के ख़िलाफ़ आजाद मैदान पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है।


मीठी नदी को पुनर्वासित करने के लिए नदी की सफाई का ठेका निकाला गया था। इस ठेके के अंतर्गत किसी भी प्रकार का काम किए बगैर मनपा के साथ धोखाधड़ी कर रू 65.54 करोड़ की हेराफेरी की गई थी। इस मामले में गत वर्ष 48/2024 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आर्थिक गुनाह शाखा ने जांच शुरू की थी।


मामले की जांच के बाद आर्थिक गुनाह शाखा ने पाया कि मैट प्रॉप कंपनी के दीपक मोहन, किशोर मेनन, मे. विरगो स्पेशलिस्ट प्राइवेट लिमिटेड के जय जोशी, वोडर इंडिया के केतन कदम, ठेकेदार भूपेंद्र पुरोहित ने महानगर पालिका अधिकारियों सहायक अभियंता प्रशांत रामूगड़े , उप प्रमुख अभियंता गणेश बेद्रे और ताय शेट्टे के साथ मिलकर मनपा के साथ धोखाधड़ी की है।
सभी आरोपियों के खिलाफ आजाद मैदान पुलिस थाने में एफआईआर क्रमांक 75/2025 के अंतर्गत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जाँच कर रही है।


