मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

राज्य सरकार द्वारा जारी फ्लाइट अटेंडेंट की सूची से पता चला है कि डोंबिवली के राजाजी पथ पर माधवी बंगला इलाके में रहने वाली २७ वर्षीय एयर ब्यूटी गुरुवार को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान में ड्यूटी पर थी। परिवार को भरोसा है कि उनकी बेटी सुरक्षित होगी।इस फ्लाइट अटेंडेंट का नाम रोशनी राजेंद्र सोंघरे है।


अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान दुर्घटना में २४२ मे से २४१ यात्रियों की मौत हो गई। रोशनी सोंघारे इस विमान में अन्य साथी कर्मचारियों के साथ फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर ड्यूटी पर थीं। रोशनी अपनी मां, पिता और भाई के साथ डोंबिवली पूर्व में राजाजी पथ पर माधवी बंगले के पीछे न्यू उमिया कृपा सोसायटी में रहती थीं।
स्कूली जीवन में मिलनसार और बुद्धिमान रोशनी का सपना विमान सुंदरी बनने का था। रोशनी ने अपनी पढ़ाई पूरी करके यह उपलब्धि हासिल की। जिस बिल्डिंग में वह रहती थी, वहां के निवासियों ने बताया कि ड्यूटी के दौरान वह एयर इंडिया की वर्दी पहनती थी। जैसे ही पता चला कि रोशनी सोंघरे एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान में ड्यूटी पर थी, डोंबिवली के स्थानीय विधायक और प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने राज्य सरकार के आपातकालीन विमान दुर्घटना विभाग से संपर्क किया और इस बारे में जानकारी लेने और रोशनी के परिवार को हर तरह की सहायता प्रदान करने के लिए सरकारी स्तर पर कदम उठाने शुरू कर दिए।
सोंघरे परिवार पहले मुंबई में रहता था। उनके परिचितों ने बताया कि वे दो साल पहले डोंबिवली में शिफ्ट हो गए थे। रोशनी ने हाल ही में एयर इंडिया की सेवा ज्वाइन की थी।


