मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

पिछले 5 वर्षों से अवैध रूप से भारत में रह रहे एक बांग्लादेशी दंपत्ति को सहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने कोलकाता से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। इसके आधार पर वे जर्मनी जाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, एयरपोर्ट अधिकारियों को शक होने के बाद जांच के दौरान उनके द्वारा की गई धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
दंपत्ति, गोविंद साहा (७१) और गौरी साहा (६०) सोमवार को जर्मनी जाने के लिए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्हें दुबई के रास्ते जर्मनी के हैम्बर्ग जाना था। उस समय इमिग्रेशन अधिकारी सुप्रिया लोंधे उनके दस्तावेजों की जांच कर रही थीं। लोंधे को अपनी शुरुआती जांच के दौरान ही शक हो गया। आगे की जांच में पता चला कि दंपत्ति बांग्लादेशी नागरिक थे। वे 2019 में बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। वे 5 साल से भारत में रह रहे थे। 2024 में उन्होंने कोलकाता के एक दलाल से फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाया था।
वे इस पासपोर्ट के आधार पर जर्मनी जाने की फिराक में थे। दंपत्ति को आगे की कार्रवाई के लिए सहार पुलिस को सौंप दिया गया है। सहार पुलिस ने उनके खिलाफ सहार पुलिस, पासपोर्ट एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।


