मुंबई वार्ता संवाददाता

जाने-माने कलमकार, पत्रकार और वर्तमान में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का मुंबई आगमन पर ताजमहल होटल में सम्मान किया गया।


उल्लेखनीय है कि हरिवंश जी टाइम्स ऑफ इंडिया की पत्रिका ” धर्मयुग” में उपसंपादक रहे हैं।उनके सम्मान की रुपरेखा उनके कई वर्ष बाद ” धर्मयुग” में ही उपसंपादक रहे अभिलाष अवस्थी ने बनायी। अभिलाष अवस्थी महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष भी रहे हैं।
हरिवंश जी के सम्मान समारोह में दीनदयाल मुरारका अपने ट्रस्ट के तमाम मित्रों के साथ उपस्थित रहे और पुष्पगुच्छ, नारियल से उनका सम्मान किया। कोठारी फिल्म्स के चेयरमैन गनपत कोठारी ने एक अभिमंत्रित स्मृति चिन्ह उन्हें भेंट किया। गजेन्द्र राजस्थानी, और ” आसरा फाउंडेशन” के आशीष पाल समेत कई सामाजिक – सांस्कृतिक – साहित्यिक संस्थाओं के लोगों ने शाॅल और पुष्पगुच्छ से हरिवंश का स्वागत किया।
हरिवंश जी और अभिलाष अवस्थी ने ” धर्मयुग” और उसके संपादक पूजनीय डॉ धर्मवीर भारती के संस्मरणों को साझा किया। अभिलाष अवस्थी ने अपना बहुचर्चित उपन्यास ” पीपल पर घोंसले नहीं होते!” उन्हें समर्पित किया। दीनदयाल मुरारका ने अपनी किताबें उन्हें भेंट कीं। गनपत कोठारी ने हरिवंश जी के प्रति आभार प्रदर्शित किया।
ज्ञात हो कि हरिवंश जी ” धर्मयुग” के अतिरिक्त कई अखबारों में संपादक रहे है-जिनमें बिहार की लीडिंग अखबार ” प्रभात खबर ” भी शामिल हैं।


