मुंबई वार्ता संवाददाता

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) मुंबई की टीम ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय महिला के पास से 62.6 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त की। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी, जिसमें महिला के ड्रग्स तस्करी में शामिल होने की जानकारी मिली थी।


डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें यह सूचना मिली थी कि 14 जुलाई को दोहा से मुंबई आने वाली एक महिला यात्री मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली है। महिला के मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उसे रोका गया और उसके सामान की गहन जांच की गई।
जांच में महिला के बैग से 6 ओरियो बिस्किट के डिब्बे और तीन चॉकलेट बॉक्स बरामद किए गए। जब इन डिब्बों को खोला गया, तो उनके अंदर 300 कैप्सूल पाए गए जिनमें सफेद पाउडर भरा था। फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर सभी कैप्सूल में कोकीन होने की पुष्टि हुई।
डीआरआई ने बताया कि इन कैप्सूल्स से कुल 6,261 ग्राम कोकीन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत 62.6 करोड़ रुपये है। एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


