मुंबई वार्ता/हरीशचंद्र पाठक

तीसरी ’50-बॉल्स क्रिकेट यूथ नेशनल चैम्पियनशिप 2025′ का भव्य आयोजन ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित सीवी रमण ग्लोबल यूनिवर्सिटी परिसर एवं उसके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऊर्जावान प्रतियोगिता में देश भर की युवा टीमों ने भाग लिया और 50 बॉल क्रिकेट के इस नए एवं रोमांचक प्रारूप में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।


बता दें कि यह टूर्नामेंट ‘ओडिशा 50-बॉल क्रिकेट एसोसिएशन’ द्वारा आयोजित किया गया। जिसके महासचिव आलोक चौधरी ने आयोजन सचिव के रूप में प्रमुख भूमिका निभाई।इस संपूर्ण टूर्नामेंट का आयोजन ‘अमॅच्योर 50-बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के तत्वावधान में किया गया। इस मौके पर ‘अमॅच्योर 50-बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के संस्थापक एवं महासचिव ईशान जैन’ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन समिति के कार्य की सराहना की और टूर्नामेंट की भव्यता के लिए सभी को बधाई दी।


इस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का विजेता बना बिहार, जिसने अनुशासन और दमदार खेल के साथ खिताब पर कब्जा जमाया।उपविजेता रहे मेजबान टीम ‘ओडिशा 50-बॉल क्रिकेट एसोसिएशन’ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करने के अलावा इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।इस टूर्नामेंट में ‘मुंबई डिवीजन 50-बॉल क्रिकेट एसोसिएशन’ की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मुंबई की टीम में कुल 15 होनहार खिलाड़ी शामिल थे, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कौशल, समर्पण और अनुशासन का परिचय दिया।कप्तान के रूप में मुंबई डिवीजन टीम की बागडोर संभाली ध्रुव गरुड़ जबकि पार्थ बोडके ने उपकप्तान के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं विकेटकीपर ऋतुराज सरोज के अलावा अन्य खिलाड़ियों दुर्गेश कोली, अभिजीत चंद, अथर्व,अरबिक, आयुष, राम ने अच्छा प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के चेयरमैन चंद्रशेखर पाथरे ने टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों को लगातार प्रेरणा दी।महिला डिवीजन का नेतृत्व करने वाली श्रीमती पाथरे ने बालिकाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित किया।
‘महाराष्ट्र राज्य 50-बॉल क्रिकेट एसोसिएशन’ के अध्यक्ष योगेश चौधरी एवं महासचिव विजय टेपुगड़े ने भी मुंबई टीम के खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों की सराहना की और उनके अनुशासन व प्रदर्शन की प्रशंसा की।गौरतलब है कि मुंबई टीम के चयन की प्रक्रिया कई चरण से होकर गुजरी थी। चयन प्रकिया का पहला चरण चेंबूर एजुकेशन सोसाइटी में आयोजित किया गया जिसका नेतृत्व शरद वाबले, रामशरण शर्मा और ओम प्रकाश यादव ने किया। जबकि निरीक्षक के रूप में लिम्बकर सर इस चयन प्रक्रिया पर विशेष नजर रखे हुए थे।
दूसरा चरण 21 मई 2025 को अलीबाग-पेन के सेवन स्टार क्रिकेट अकादमी में संपन्न हुआ, जिसका संचालन प्रवीण सर ने किया।वहीं चयन प्रकिया का तीसरा चरण ठाणे में आयोजित हुआ, जिसका नेतृत्व वैभव सर ने किया।आपको बता दें कि ’50-बॉल्स क्रिकेट यूथ नेशनल चैम्पियनशिप 2025′ ने न केवल युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर प्रदान किया, बल्कि इस नए फॉर्मेट के प्रति खिलाड़ियों, कोचों व अधिकारियों में एक नई ऊर्जा और उत्साह का निर्माण भी किया।यह टूर्नामेंट भारत में 50-बॉल क्रिकेट के उज्जवल भविष्य की ओर एक ठोस कदम साबित हुआ है।


