मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

नालासोपारा पश्चिम के डांगेवाड़ी में महावितरण का एक ट्रांसफार्मर फटने से भीषण आग लग गई। घटना सोमवार रात करीब 8.30 बजे हुई। आग में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


डांगेवाड़ी, नालासोपारा पश्चिम के सोपारा गाँव में स्थित है।इस इलाके में बिजली आपूर्ति के लिए महावितरण ने एक ट्रांसफार्मर लगाया है। सोमवार रात यह ट्रांसफार्मर अचानक फट गया, जिससे भीषण आग लग गई। इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग में एक युवक और चार साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान जावेद अंसारी (३०) और नसरीन परवीन (४) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए सोपारा के प्राथमिक अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बताया कि भीषण आग में ७० से ८० प्रतिशत तक जलने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भेज दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पा लिया।सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। यहाँ के नागरिकों का आरोप है कि महावितरण द्वारा बिजली संयंत्र के उचित रखरखाव की कमी के कारण यह दुर्घटना हुई।


