मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य के ट्रिपल इंजन सरकार में आंतरिक मतभेद चरम पर पहुँच चुके हैं, लेकिन सत्ता के लालच में ये सभी दल एक साथ टिके हुए हैं। सत्ता के लिए कुछ भी और किसी भी हद तक जाने को तैयार — यही इनकी नीति है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार सत्ता के लिए इतने लाचार हैं कि वे सत्ता छोड़कर रह ही नहीं सकते, इसलिए उनके सत्ता से बाहर आने का सवाल ही नहीं उठता, ऐसा कहना है महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का।


तिलक भवन में कांग्रेस की राज्य चुनाव समिति की दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, विधान परिषद में कांग्रेस के गटनेता सतेज ऊर्फ बंटी पाटिल, सहप्रभारी बी. एम. संदीप, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व पूर्व मंत्री नसीम खान, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन जोशी, वजाहत मिर्जा, प्रदेश महासचिव (संगठन व प्रशासन) एड. गणेश पाटिल, सिद्धार्थ हत्तीअंबिरे, सचिन नाइक आदि उपस्थित थे।


बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राज्य चुनाव समिति की दो दिन चली बैठक में नगरपालिका और नगर पंचायत चुनावों के लिए उम्मीदवार तय करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। स्थानीय नेतृत्व से चर्चा के बाद उम्मीदवारों का चयन किया गया है। हर जिले का राजनीतिक समीकरण अलग है। स्थानीय स्तर पर समान विचारधारा वाले दलों से चर्चा कर गठबंधन किया गया है। कुछ जिलों में वंचित बहुजन आघाड़ी, शेकाप, किसान संगठन और रासप के साथ गठबंधन हुआ है। मनसे के साथ गठबंधन को लेकर किसी भी जिले से कोई प्रस्ताव नहीं आया है, ऐसा सपकाल ने बताया।
■ भाजपा पदाधिकारियों का कांग्रेस में प्रवेश…
चंद्रपुर जिले के भाजपा विधायक बंटी भांगड़िया के कट्टर समर्थक और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा महाराष्ट्र प्रदेश के महामंत्री जुनेद खान ने अपने सहयोगियों के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया। प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सभी का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया।महायुति (ट्रिपल इंजन सरकार) में धोखा खाने की भावना तीनों दलों के कई पदाधिकारियों के मन में बढ़ती जा रही है। आने वाले समय में सत्ताधारी दल के कई महत्वपूर्ण नेता कांग्रेस में शामिल होंगे, ऐसा हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।


बुलढाणा जिले के चिखली तालुका कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र भूसारी का कल सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया। आज राज्य चुनाव समिति की बैठक की शुरुआत में सभी ने मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


