श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

भायखला इलाके के हबीब बिल्डिंग दुर्घटना मामले में बिल्डर की लापरवाही से 2 मजदूरों की मौत हो गई थी। अग्रिपाड़ा पुलिस इस मामले में बिल्डर को बचाने की जी-तोड़ कोशिश कर रही है।


ज्ञात हो कि 15 नवंबर को भायखला के टैंक पाखडी रोड के पास हबीब बिल्डिंग के रीडेवलपमेंट काम के दौरान पाईलिंग काम करते समय 5 मजदूर मिट्टी में फंस गए थे।राजू, राहुल दुबे, सज्जाद अली, शौकत अली और लाल मोहम्मद बगुल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर राजू और राहुल दुबे को मृत घोषित किया गया।


पुलिस ने जांच में पाया कि इमारत बाँधकाम के दौरान मजदूरों के सुरक्षा इंतजाम में लापरवाही बरती गई थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने अभियंता अफजल शेख और साइट सुपरवाइजर मोहम्मद शाहिद अगवान को गिरफ्तार कर लिया।हालाकि इस मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदार मुख्य आरोपी बिल्डर इब्राहिम जुसाब सुपारीवाला का नाम पुलिस ने एफआईआर में दर्ज नहीं किया है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार रू 5 लाख की रिश्वत लेकर अग्रिपाड़ा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने सुपारीवाला को बचाने की सुपारी ली है। हालाकि इस बात की जानकारी पुलिस उपायुक्त समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को नहीं है। इस मामले पर उक्त वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने न ही फोन का जवाब दिया और न ही संदेश का जवाब दिया।
उक्त दुर्घटना के बारे मे पूछने पर जोन 3 के पुलिस उपायुक्त कृष्णकांत उपाध्याय ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। हादसे के लिए सीधे सीधे जिम्मेदार लोगों को नामजद किया गया है।


