मुंबई वार्ता/ अंकित मिश्रा

वसई-विरार शहर में चल रहे सड़क दुरुस्तीकरण (पेचवर्क) कार्य को लेकर नागरिकों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। अब इस मुद्दे पर सामाजिक संगठन भी प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं। इसी क्रम में उर्मिला फाउंडेशन संस्था के अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने वसई-विरार महानगरपालिका आयुक्त को एक विस्तृत शिकायत पत्र भेजकर सड़क मरम्मत कार्य में हो रही अनियमितताओं की कठोर जांच की मांग की है।


शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि शहर में बड़े पैमाने पर पेचवर्क कार्य रात के समय कराया जा रहा है, लेकिन कुछ ही घंटों में सड़कें फिर से उखड़ जाती हैं। इससे यह साफ है कि काम में गुणवत्ता की भारी कमी है। पांडेय ने कहा कि यह स्थिति नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है और टैक्स देने वाले लोगों के पैसे की खुली बर्बादी।पिछले कई दिनों से मराठी और हिंदी के कई समाचार पत्रों में सड़क मरम्मत की खराब गुणवत्ता को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित हो रही हैं। इन रिपोर्टों के आधार पर भी पांडेय ने कहा कि ठेकेदार काम में मानकों का पालन नहीं कर रहा, फिर भी मनपा प्रशासन चुप्पी साधे बैठा है।
अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने कहा हम रोज देखते हैं कि ठेकेदार रात में सड़क पर थोड़ा-बहुत काम करता है और सुबह उसी सड़क की हालत पहले जैसी हो जाती है। यह काम नहीं,जनता के पैसों की बर्बादी है। वसई-विरार में विकास कार्यों के नाम पर ये चल रहा खेल अब बंद होना चाहिए। अगर मनपा प्रशासन अभी भी नहीं जागा,तो हम इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने आगे कहा,नागरिकों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। घटिया काम के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ठेकेदारों की मिलीभगत और लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए, वरना यह सिलसिला चलता ही रहेगा
शिकायत पत्र में संगठन ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं
1. वसई-विरार में चल रहे सभी सड़क दुरुस्तीकरण कार्यों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए।
2. ठेकेदार की लापरवाही की जांच कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए
3. यदि अनियमितता सिद्ध होती है, तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करते हुए उसका बिल पास न किया जाए।
अंत में पांडेय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो संस्था नागरिकों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगे। उम्मीद है कि मनपा प्रशासन नागरिकों के हित में इस शिकायत को संवेदनशीलता से लेकर शीघ्र कार्रवाई करेगा।



सही मांग