श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

माहिम के निवासियों ने भोगोजी कीर रोड पर स्थित पैराडाइज सिनेमा के पास एक निर्माण स्थल पर पुराने लेकिन स्वस्थ पेड़ों को नुकसान पहुँचाए जाने की शिकायत बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) से की है।


आरोप है कि निर्माण स्थल पर काम कर रहे कर्मचारियों ने स्टील शीट लगाने के लिए नौ पेड़ों के तनों में लोहे की छड़ें ठोंक दीं।बुधवार रात इलाके के लोगों ने देखा कि निर्माण स्थल के चारों ओर स्टील शीट लगाई जा रही है और उन्होंने मजदूरों को चेतावनी दी कि शीट को सहारा देने वाली छड़ें आसपास के पेड़ों को नुकसान पहुँचा सकती हैं। इसके बावजूद गुरुवार सुबह मालूम हुआ कि प्लॉट की सीमा पर स्थित एक पीपल का पेड़ इस काम के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है।


इसके बाद क्षेत्र की एक गैर-सरकारी संस्था बॉम्बे इंडिजिनस पीपल्स एसोसिएशन (BIPA) ने इस मामले की शिकायत महानगर पालिका से की। शिकायत मिलने पर मनपा जी नॉर्थ वार्ड और उद्यान विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह स्थल का निरीक्षण किया और डेवलपर को स्कैफोल्डिंग हटाने की चेतावनी दी।
जी नॉर्थ वार्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह स्कैफोल्डिंग मौजूदा इमारत के ध्वस्तीकरण और पुनर्निर्माण से पहले की तैयारी के तहत लगाई जा रही थी। मनपा ने निर्देश दिया है कि शुक्रवार सुबह तक स्कैफोल्डिंग हटा ली जाए, अन्यथा डेवलपर को नोटिस जारी किया जाएगा।
स्थानीय निवासियों ने महाराष्ट्र वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत इस मामले में मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का भी निर्णय लिया है।



वृक्ष ही जीवन है