मुंबई वार्ता संवाददाता

अंधेरी-पूर्व के संभाजी नगर इलाके में बीती रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया। एक ही रात में तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोर लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर सामने आई है।


चोरों ने सबसे पहले वेदिका मेडिकल, इसके बाद डॉ. अशोक होडा वाडेकर क्लिनिक और फिर चामुंडा किराना स्टोर्स को निशाना बनाया। तीनों प्रतिष्ठानों के शटर तोड़कर अंदर रखी नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब दो बजे आरोपी एक ऑटो-रिक्शा में सवार होकर संभाजी नगर इलाके में पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसी रिक्शा से फरार हो गए।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बेहद कम होती है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।सूचना मिलते ही अंधेरी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों दुकानदारों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और ऑटो-रिक्शा के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


