श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई भाजपा ने आगामी मनपा चुनाव के लिए अपने 137 उम्मीदवारों की सूची जारी कर सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी है। इस सूची की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 76 महिला उम्मीदवारों को मौका दिया गया है, जो कुल संख्या का 50 प्रतिशत से भी अधिक है। केवल 61 पुरुष उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने से पार्टी में अगले पांच वर्षों तक महिला नेतृत्व के प्रभावी रहने के संकेत मिल रहे हैं।


उम्मीदवारों की सामाजिक संरचना पर नजर डालें तो सूची में विविधता स्पष्ट दिखाई देती है। इसमें 19 गुजराती–मारवाड़ी समुदाय से जुड़े उम्मीदवार हैं, जबकि लगभग 15 हिंदीभाषी उम्मीदवारों को स्थान मिला है। इसके अलावा चार दक्षिण भारतीय, एक पंजाबी और एक मुस्लिम उम्मीदवार भी सूची में शामिल हैं।पार्टी सूत्रों के अनुसार संभावित बगावत की आशंका को देखते हुए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख बीतने के बाद यह सूची सार्वजनिक की गई।
इसमें कुछ अनुभवी और पूर्व नगरसेवकों उज्ज्वला मोडक, महेश पारकर, प्रकाश गंगाधरे, अनुराधा पेडणेकर और मकरंद नार्वेकर को दोबारा मौका दिया गया है। साथ ही कुछ नए और बाहरी चेहरों को भी टिकट देकर संगठन को मजबूती देने की कोशिश की गई है।


विशेष रूप से जिन उम्मीदवारों पर पार्टी ने भरोसा जताया है, उनमें तेजस्वी घोसालकर, चंदन शर्मा, राखी जाधव और रवी राजा जैसे नाम शामिल हैं। भाजपा की यह रणनीति न केवल महिला सशक्तिकरण का संदेश देती है बल्कि आगामी चुनाव में सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक मजबूती का संकेत भी मानी जा रही है।


