मुंबई वार्ता संवाददाता

‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच से विदाई देना अमिताभ बच्चन के लिए आसान नहीं रहा। ‘केबीसी सीजन 17’ के ग्रैंड फिनाले के साथ ही बिग बी ने दर्शकों से भावुक अंदाज में अलविदा कहा। वर्षों से इस शो की पहचान बन चुके अमिताभ बच्चन ने फैंस के प्यार और भरोसे के लिए आभार जताया और माना कि शो खत्म होने के बाद उन्हें भीतर से एक खालीपन सा महसूस हो रहा है।


अपने नियमित ब्लॉग पोस्ट में 83 वर्षीय अभिनेता ने लिखा कि केबीसी के सेट से दूर होना उन्हें ‘अटका हुआ’ सा महसूस करा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि अब वह खुद को दोबारा काम की लय में लाने की कोशिश कर रहे हैं। बिग बी के शब्दों में, केबीसी सिर्फ एक शो नहीं बल्कि भावनाओं और रिश्तों का ऐसा सफर है, जो हर सीजन के साथ और गहरा होता चला जाता है।


ग्रैंड फिनाले के दौरान अमिताभ बच्चन ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘जब भी मैंने पूरे दिल से कहा कि मैं आ रहा हूं, आपने खुले दिल से मेरा स्वागत किया। मैं हंसा तो आप मेरे साथ हंसे, और जब मेरी आंखें नम हुईं, तो आपकी आंखों में भी आंसू थे। आप इस सफर में शुरू से अंत तक मेरे साथी रहे।’ उन्होंने आगे कहा कि दर्शकों की मौजूदगी ही इस खेल को जीवंत बनाती है और जब तक यह खेल चलता है, उनका सफर भी चलता रहेगा।
इस भावुक भाषण पर स्टूडियो में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया।केबीसी के इस सीजन में कई नामचीन सितारों ने भी मंच साझा किया। मनोज बाजपेयी, जयदीप अहलावत, फरहान अख्तर, जावेद अख्तर, कार्तिक आर्यन, अनन्या पांडे के साथ-साथ अमिताभ के नाती-नातिन अगस्त्य नंदा और नव्या नंदा की मौजूदगी ने शो को और खास बना दिया।वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल ही में फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में नजर आए थे।
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी इस भव्य साइंस फिक्शन फिल्म में उन्होंने अश्वत्थामा का प्रभावशाली किरदार निभाया। प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने दुनियाभर में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर बड़ी सफलता दर्ज की।


