सतीश सोनी/मुंबई वार्ता

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज मीरा-भाईंदर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। ‘एक टिकट, एक सफर’ के विजन के साथ उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार का एकमात्र लक्ष्य आम जनता के जीवन को सुगम बनाना है।


स्थानीय विधायक नरेंद्र मेहता की तारीफ करते हुए फडणवीस ने कहा कि चुनाव के बाद हम डोंगरी कारशेड को रद्द करेंगे। मीरा रोड से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे तक होने वाली ट्रैफिक की समस्या से हम वाकिफ हैं, इसलिए ठाणे तक कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा।


उन्होंने आगे तटीय सड़क पर अपडेट देते हुए बताया कि केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट से आवश्यक अनुमतियां लेकर अगले दो वर्षों में उत्तम से विरार तक का कोस्टल रोड तैयार कर लिया जाएगा। साथ ही, मेट्रो के नीचे की सड़कों को पूरी तरह कंक्रीट का बनाया जाएगा ताकि हर मानसून में होने वाली मरम्मत की समस्या समाप्त हो सके।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सरकारी अस्पताल को ‘मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल’ में बदला जाएगा। महात्मा फुले योजना के तहत 5 लाख रुपये के अलावा गंभीर मरीजों के इलाज के लिए सरकार 35 लाख रुपये तक का खर्च वहन करेगी। इसके साथ ही शहर के कई बड़े प्राइवेट अस्पतालों को भी इस योजना में जोड़ा जाएगा। पशु प्रेमियों के लिए क्षेत्र में एक ‘वेटरनरी पेट्स हॉस्पिटल’ बनाने की योजना भी साझा की गई।
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए मीरा-भाईंदर के लिए 451 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर होने की जानकारी देते हुए उम्होंने बताया कि कॉस्मोपॉलिटन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार मुफ्त जमीन देगी और भवन निर्माण में भी सहायता करेगी।विपक्ष पर निशाना साधते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जब तक मैं हूं, ‘लाडकी बहन योजना’ जारी रहेगी। अब हमारी बहनें ‘लखपति दीदी’ बन रही हैं। विपक्ष बताए कि उन्होंने कितनी बहनों को लखपति बनाया?
फडणवीस ने अंत में जनता से बहुमत देने की अपील करते हुए विश्वास दिलाया कि आप भाजपा के उम्मीदवारों को चुनकर लाएं और अपनी चिंताएं भूल जाएं। आपकी हर चिंता अब देवाभाऊ की जिम्मेदारी है। भाजपा का प्रतिनिधि आपके लिए दिन-रात काम करेगा, यह मेरी गारंटी है।


