मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले हफ्ते अपने पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान करने जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभालेंगे और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी पूरी तरह से उन्हें सौंप दी जाएगी। इससे पहले पार्टी की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।सूत्रों के मुताबिक नितिन नबीन 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।


मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी जा रही है कि इस तारीख का चयन विशेष विचार-विमर्श के बाद किया गया है। फिलहाल, उनके खिलाफ कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरेगा, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।भाजपा के अंदर पहले ही संकेत मिल चुके थे कि मकर संक्रांति के बाद पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा। अब इस खबर पर औपचारिक मुहर लगती दिखाई दे रही है।


सूत्र बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद नितिन नबीन के प्रस्तावक हो सकते हैं, जबकि केंद्रीय नेता राजनाथ सिंह और अमित शाह इस प्रस्ताव के अनुमोदक बनेेंगे।रिपोर्ट्स के मुताबिक 19 जनवरी को औपचारिक रूप से नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों ने यह भी बताया कि नितिन नबीन के नामांकन के लिए प्रस्तावकों और समर्थकों के हस्ताक्षरों के साथ नामांकन पत्र के कई सेट तैयार किए जा रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी औपचारिक कमी को रोकने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।


