श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई ट्राफिक पुलिस ने होली और धुलिवंदन के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस सघन कार्रवाई में कुल 16,727 चालान काटे गए और 1,99,91,650 रुपये का जुर्माना वसूला गया।


अभियान के तहत शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया पर ट्रिपल सीट, सिग्नल जंप करने और यातायात में बाधा उत्पन्न करने जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी गई। शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य सड़कों और हाइवे पर चेकपोस्ट लगाकर जांच की गई।शराब पीकर वाहन चलाने के 159 मामले दर्ज किए गए। ऐसे चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए उनके लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी आरंभ की गई है।


■ मुख्य उल्लंघन और वसूला गया जुर्माना इस प्रकार है:
● बिना हेलमेट: 4,317 चालान – 42,97,000 रुपये
● यातायात में बाधा: 2,532 चालान – 29,64,000 रुपये
● गति सीमा उल्लंघन: 4,486 चालान – 8,29,100 रुपये
● सिग्नल जंप: 610 चालान – 5,90,000 रुपये
● ट्रिपल सीट: 530 चालान – 5,27,000 रुपये
● बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस: 431 चालान – 3,89,500 रुपये
● वन-वे में नो एंट्री: 278 चालान – 3,12,500 रुपये
● अन्य उल्लंघन: 2,603 चालान – 18,67,650 रुपये
● गलत दिशा में वाहन चलाना: 20 मामले (कोर्ट में भेजे गए)
● अनावश्यक हॉर्न: 2 चालान – 1,000 रुपये
पूरे अभियान के दौरान सीसीटीवी फुटेज, ई-चालान प्रणाली और ऑनलाइन प्रवर्तन उपकरणों का प्रभावी उपयोग किया गया।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार जिम्मेदारी से मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


