■ कलमनुरी से हिंगोली तक निकलेगी रैली
मुंबई वार्ता संवाददाता

केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर शेतकरी (किसान) विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने 9 मार्च को कलमनुरी से हिंगोली तक पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। यह पदयात्रा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी।कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किए गए व्यापार समझौते से देश के किसानों और कृषि क्षेत्र को बड़ा नुकसान होगा।


पार्टी का कहना है कि पहले से प्राकृतिक और आर्थिक संकट झेल रहे किसानों के लिए यह समझौता एक बड़ा आघात साबित होगा, जिससे कृषि उत्पादों को उचित मूल्य नहीं मिलेगा और किसानों की आत्महत्याओं में बढ़ोतरी का खतरा पैदा हो सकता है।


कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि ग्रामीण गरीबों को रोजगार देने वाली मनरेगा योजना को भाजपा सरकार ने कमजोर कर दिया है। वहीं राज्य में भाजपा-महायुती सरकार पर शक्तिपीठ महामार्ग परियोजना के नाम पर किसानों की जमीन लेने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।


पार्टी के अनुसार किसान इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार उद्योगपतियों के हित में पुलिस बल का इस्तेमाल कर इसे आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।इन मुद्दों के विरोध में कांग्रेस ने एल्गार पुकारते हुए 9 मार्च को कळमनुरी से हिंगोली तक पदयात्रा निकालने का फैसला किया है।
इस पदयात्रा में अमेरिका के साथ व्यापार समझौते, मनरेगा, शक्तिपीठ महामार्ग के साथ-साथ आदिवासी विशेष पदभरती, वन अधिकार कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और घरकुल योजना जैसी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी को इस पदयात्रा के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन नाईक सहित हिंगोली जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस पदयात्रा में शामिल होंगे।


