■ महापौर रितू तावड़े ने किया स्थलों का निरीक्षण.
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर भव्य प्रवेशद्वार और नागरिक सुविधाओं से युक्त आधुनिक संकुल विकसित करने की योजना को गति देने के लिए मुंबई की महापौर श्रीमती रितू तावड़े ने मंगलवार सुबह वाशी नाका, ऐरोली नाका और मुलुंड नाका का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया।


महापौर ने बताया कि यह परियोजना केवल प्रवेशद्वार या कमान बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके साथ नागरिकों और पर्यटकों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान करने वाले आधुनिक संकुल भी विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना के माध्यम से मुंबई की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को दर्शाने वाली संकल्पना पर आधारित प्रवेशद्वार तैयार किए जाएंगे।


उन्होंने कहा कि इन प्रवेशद्वारों के आसपास हरित क्षेत्र और उद्यान, वाहन पार्किंग, महिला-पुरुषों के लिए अलग वातानुकूलित शौचालय, विश्राम कक्ष, मछुआरा समुदाय और महिला बचत समूहों सहित अन्य व्यवसायों के लिए स्टॉल, डिजिटल होर्डिंग तथा सौर ऊर्जा परियोजना जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे नागरिकों और पर्यटकों को सुविधाएं मिलेंगी और साथ ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका को स्थायी राजस्व प्राप्त होगा।


महापौर ने बताया कि इससे पहले दहिसर नाका का भी निरीक्षण किया जा चुका है और मुंबई के चारों प्रमुख प्रवेश मार्गों पर ऐसे प्रवेशद्वार और घड़ी टॉवर स्थापित करने की योजना है। अब सभी स्थलों का निरीक्षण पूरा हो चुका है और जल्द ही संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर परियोजना के प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा समयबद्ध योजना के साथ कार्य शुरू किया जाएगा।
इस निरीक्षण के दौरान सहआयुक्त (परिमंडल-5) देविदास क्षीरसागर, उपआयुक्त (उद्यान) अजितकुमार आंबी, महाराष्ट्र वन विभाग के अपर प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एस. वी. रामाराव, सहायक आयुक्त उज्ज्वल इंगोले, सहायक आयुक्त योगिता कोल्हे तथा महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल, मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण, सार्वजनिक बांधकाम विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


