मुंबई वार्ता संवाददाता

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सेंट्रल रेलवे के एक चीफ इलेक्ट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन इंजीनियर और दो निजी व्यक्तियों को 10 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


सीबीआई ने 2003 बैच के इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स (IRSEE) के अधिकारी, जो सेंट्रल रेलवे में चीफ इलेक्ट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन इंजीनियर के पद पर तैनात हैं, तथा अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।गिरफ्तारी के बाद मुंबई, नवी मुंबई और महाराष्ट्र के कर्जत में पांच स्थानों पर की गई तलाशी के दौरान सीबीआई को बड़ी मात्रा में नकदी और आभूषण मिले।


जांच एजेंसी ने इंजीनियर के ठिकानों से 90.79 लाख रुपये नकद, 241.30 ग्राम सोने के आभूषण, 2.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण (करीब 42.52 लाख रुपये मूल्य) और निवेश से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए।इसके अलावा सीबीआई ने इंजीनियर के कार्यालय कक्ष से 3.85 लाख रुपये नकद भी जब्त किए, जिससे कुल बरामदगी 1.47 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
एफआईआर के अनुसार आरोपी इंजीनियर ने एक निजी कंपनी को 40.54 करोड़ रुपये के टेंडर दिलाने के बदले 40 लाख रुपये (टेंडर मूल्य का 1 प्रतिशत) रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि इंजीनियर ने टेंडर देने में कंपनी के हितधारकों के साथ मिलकर साजिश की।सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी को एक निजी व्यक्ति से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
यह रिश्वत की रकम इंजीनियर के कार्यालय कक्ष से बरामद की गई।सीबीआई के अनुसार इस मामले में आरोपी इंजीनियर और दो निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।


