■ संजय राऊत का पत्ता काटने की साजिश – भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन
मुंबई वार्ता संवाददाता

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट में संजय राऊत और आदित्य ठाकरे के बीच गुटबाजी अब खुलकर सामने आ रही है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि आदित्य ठाकरे गुट की ओर से संजय राऊत का राजनीतिक पत्ता काटने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने पत्रा चॉल घोटाले की तत्काल जांच कर कार्रवाई की भी मांग की।


भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवनाथ बन ने कहा कि राज्यसभा की सीट के समय संजय राऊत ने शरद पवार का नाम आगे कर आदित्य ठाकरे और उद्धव गुट को किनारे करने की कोशिश की थी। अब विधायक सुनील प्रभु द्वारा विधानसभा में पत्रा चॉल घोटाले का मुद्दा उठाए जाने से राऊत को कठघरे में खड़ा कर दिया गया है।


उन्होंने कहा कि पत्रा चॉल घोटाले की वजह से करीब 350 मराठी परिवार बेघर हो गए और इसके लिए संजय राऊत जिम्मेदार हैं। विधानसभा में इस मुद्दे को उठाकर आदित्य ठाकरे गुट राऊत की घेराबंदी कर रहा है। बन ने तंज कसते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे गुट में इस समय आदित्य ठाकरे और संजय राऊत के बीच ‘सामना’ चल रहा है।
नवनाथ बन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ईरान-इजराइल युद्ध के कारण पैदा हुई ईंधन और गैस संकट की स्थिति का मजबूती से सामना कर रहा है और केंद्र सरकार आपूर्ति सामान्य रखने के लिए प्रयास कर रही है। इसके बावजूद संजय राऊत बिना वजह प्रधानमंत्री पर आलोचना कर रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की प्रगति देखकर राऊत परेशान हैं और वे झूठी खबरें फैलाकर देश में ईंधन असुरक्षा का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जो राहुल गांधी के एजेंडे को आगे बढ़ाने जैसा है।
बन ने कटाक्ष करते हुए कहा कि नितीश कुमार तीसरी बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं, जबकि उद्धव ठाकरे केवल एक बार मुख्यमंत्री बने और वह भी भाजपा के साथ विश्वासघात कर। उन्होंने कहा कि संजय राऊत को ‘नितीश कुमार का करुण अस्त’ लिखने के बजाय ‘उद्धव ठाकरे का अस्त और उद्धव गुट की दयनीय स्थिति’ पर अग्रलेख लिखना चाहिए।


