मुंबई वार्ता संवाददाता

23 मार्च, शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर सामाजिक संस्था जीवन ज्योति प्रतिष्ठान एवं जनशक्ति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अँधेरी विधानसभा के कार्यकारी विधायक श्री मुरजी पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने मंच से संकल्प लेते हुए कहा कि अँधेरी क्षेत्र को ड्रग्स मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने शहीद भगत सिंह, शहीद सुखदेव तथा शहीद राजगुरु को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।


कार्यक्रम में भारत सरकार के आईआरएस अधिकारी श्री समीर वानखेड़े को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से उन्हें तिरंगा भेंट कर उनके साहस और ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के लिए सम्मान प्रकट किया। बच्चों ने उनसे आग्रह किया कि वे इसी प्रकार समाज को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी मुहिम जारी रखें।जनशक्ति फाउंडेशन द्वारा पिछले 15 वर्षों से प्रदान किया जा रहा “मुंबईकर गौरव सम्मान” इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को प्रदान किया गया।


इस सम्मान से आईआरएस अधिकारी श्री समीर वानखेड़े, श्रेष्ठ भारत चैनल के वरिष्ठ पत्रकार श्री सुनील सिंह, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री आदित्य दुबे तथा उल्लेखनीय जनसेवा के लिए विधायक श्री मुरजी पटेल को सम्मानित किया गया। साथ ही, आज़ाद हॉकर्स यूनियन के संस्थापक अध्यक्ष श्री दयाशंकर सिंह टीवी 9 के व्यूरो पमुख जय प्रकाश सिंह को भी उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से अँधेरी क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध हास्य कवि एवं मंच संचालक श्री सुरेश मिश्रा रहे, जिन्होंने अपने अनूठे अंदाज़ से सभी का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त बुंदेलखंड से आए ओजस्वी कवि डॉ. राज बुंदेली, भोपाल से पधारे वीर रस के कवि श्री रुद्र प्रताप सिंह ‘रुद्र’ तथा कवि श्री राजेश दुबे ‘अल्हड़’ ने अपनी प्रभावशाली कविताओं से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अशोक पांडे, रूपेश दांडेकर, किशन धोत्रे, दशरथ सावंत तथा विपुल गुप्ता सहित कई सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन जनशक्ति फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष श्री जयशंकर सिंह ने किया।इस अवसर पर इंद्रसेन उपाध्याय, शिव श्याम तिवारी, प्रमोद पांडे, प्रभाकर शुक्ला, टी.एन. शर्मा, राहुल यादव सहित सैकड़ों महिलाओं एवं नागरिकों ने उपस्थित होकर शहीद भगत सिंह, शहीद राजगुरु एवं शहीद सुखदेव थापर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह कार्यक्रम देशभक्ति, एकता और समाजसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।


