मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर में छोटे पशुओं और पक्षियों के अंतिम संस्कार के लिए नई दहन (इन्सिनरेशन) सुविधा शुरू की है। यह सुविधा देवनार पशुवधगृह और महालक्ष्मी स्थित प्राणी अस्पताल परिसर में उपलब्ध कराई गई है।


बीएमसी के अनुसार, यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में इन सुविधाओं को शुरू किया गया है, ताकि मृत पशुओं का वैज्ञानिक और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से अंतिम संस्कार किया जा सके।


अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी ने बताया कि अब मुंबई शहर, पूर्व और पश्चिम उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर यह सुविधा उपलब्ध होने से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
देवनार स्थित दहनवाहिनी में 500 किलो तक वजन वाले पशुओं का अंतिम संस्कार किया जा सकता है, और यह पीएनजी (गैस) पर आधारित है। वहीं महालक्ष्मी की सुविधा में 50 किलो तक के छोटे पशुओं और पक्षियों का अंतिम संस्कार किया जा सकता है, जो पूरी तरह बिजली से संचालित है। इसके अलावा मालाड में 2023 से ऐसी सुविधा पहले से कार्यरत है।
बीएमसी ने इस सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू की है। नागरिक https://vhd.mcgm.gov.in/incineration-booking लिंक पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और निर्धारित समय पर अंतिम संस्कार कर सकते हैं।
अधिक जानकारी या सहायता के लिए नागरिक 7564976649 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।


