मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित “युवाशक्ति जागर यात्रा” की शुरुआत मंगलवार को की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास जताया कि यह यात्रा राज्य में बढ़ रही अराजक प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाने और युवाओं को सही दिशा देने का काम करेगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है। यदि इस युवाशक्ति को संगठित कर एक दिशा में आगे बढ़ाया जाए, तो राज्य में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्बन नक्सलवाद जैसी शक्तियां युवाओं में भ्रम फैलाकर उन्हें संविधान के खिलाफ भड़काने का प्रयास कर रही हैं। ऐसी स्थिति में युवाओं को संविधान और व्यवस्था के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, जो इस यात्रा के माध्यम से किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री फडणवीस और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कार रैली को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।


मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक की सराहना करते हुए कहा कि यह यात्रा राज्य के कोने-कोने तक पहुंचेगी और सामाजिक व आर्थिक मुद्दों पर काम करने वाले विभिन्न वर्गों—किसान, मजदूर और युवाओं—को जोड़ने का काम करेगी। इससे युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में परिपक्वता आएगी और संगठन और मजबूत होगा।
उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में इस विधेयक का विरोध कर लोकतंत्र का अपमान किया गया। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को इस मुद्दे पर जागरूक करने का आह्वान किया।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और राज्य के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली गई है।
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक ने कहा कि संगठन को राज्य में नंबर एक बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा की योजना व्यापक स्तर पर बनाई गई है, जिससे समाज के हर वर्ग के युवाओं को जोड़ा जा सके।
यह यात्रा आने वाले दिनों में पूरे महाराष्ट्र में भ्रमण कर युवाओं को जागरूक और संगठित करने का प्रयास करेगी।


