■ जिला कांग्रेस अध्यक्ष केतन शाह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने किया नालों का निरीक्षण।
मुंबई वार्ता/हरीश चंद्र पाठक

एक तरफ केंद्र तथा राज्य सरकार की ओर से पिछले कई वर्षों से स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। वहीं गोवंडी के गायकवाड़ में स्वच्छता अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। बताया जाता है कि मानसून के पहले मनपा की ओर से जहां उपनगर के अनेक इलाकों में बड़े नालों की साफ सफाई का कार्य शुरू कराया गया है वहीं दूसरी तरफ मनपा एम पूर्व विभाग के अंतर्गत आने वाले कर्मवीर दादासाहेब गायकवाड़ नगर इलाके के बुद्धनगर और सुभाष नगर नाले की साफ सफाई न किए जाने से संपूर्ण नाले में कचरे का ढेर लगा हुआ है।
इस कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी फैलने की संभावना बढ़ गई है। जिसके कारण बड़े नालों की सफाई के मुद्दे को संज्ञान में लेते हुए ईशान्य मुंबई जिला कांग्रेस के अध्यक्ष केतन शाह और मुंबई कांग्रेस रोजगार स्वय रोजगार विभाग के महासचिव डॉ सत्तार खान के नेतृत्व में गत दिनों कांग्रेसियों ने गायकवाड़ नगर के बुद्धनगर और सुभाष नगर नाले का निरीक्षण किया ।


मिली जानकारी के अनुसार मानसून में जलजमाव को रोकने के लिए जहां मनपा की ओर से मुंबई के अन्य इलाकों में बड़े नालों की सफाई का कार्य शुरू कराया गया है वहीं गोवंडी के गायकवाड़ स्थित बुद्धनगर नाला , सुभाष नगर नाले की साफ सफाई पिछले मानसून से ही नहीं कराई जा सकी है। जिसके कारण बुद्धनगर और सुभाष नगर नाला पूरी तरह से कचरे के ढेर से पटा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बुद्धनगर नाले से सटकर दोनों तरफ झोपड़े है । इस कारण मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण यहां आए दिन बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ चुका है।


जिला कांग्रेस अध्यक्ष केतन शाह और मुम्बई कांग्रेस रोजगार स्वयं रोजगार विभाग के प्रदेश महासचिव डा. सत्तार खान ने इन नालों का निरीक्षण करते हुए बताया कि इसी नाले में कचरे के ढेर में से पीने के पानी की जलवाहिनी डाली गई है जिसके कारण आए दिन लोगों के घरों में गंदे पानी की आपूर्ति होने की शिकायतें बढ़ती जा रही है।
बताया जाता है कि कि इस नाले की साफ सफाई की जिम्मेदारी सेंट्रल एजेंसी के अधीन है। अनेक बार सेंट्रल एजेंसी के अधिकारियों को इस नाले की सफाई के बारे में अवगत भी कराया जा चुका है। किंतु नाले की साफ सफाई आज तक नहीं की जा सकी। जिसके कारण ईशान्य मुंबई जिला कांग्रेस अध्यक्ष केतन शाह और मुंबई कांग्रेस रोजगार स्वय रोजगार विभाग के महासचिव डॉ सत्तार खान के नेतृत्व में अनिल पटेल, मारूफ शेख, एम. ए.शेख स्थानीय समाजसेवक ज़मीर तंबोली ने गायकवाड़ नगर के बड़े नालों का निरीक्षण किया।


