मुंबई वार्ता संवाददाता

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के नेता संजय राऊत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें अन्य राज्यों की राजनीति पर टिप्पणी करने के बजाय अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता करनी चाहिए।


मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बन ने कहा कि आदित्य ठाकरे के कार्याध्यक्ष बनने के बाद राऊत की पार्टी में स्थिति कमजोर हो सकती है, इसलिए उन्हें अपने अस्तित्व को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राऊत को असम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की बजाय अपने दल की महाराष्ट्र में स्थिति की चिंता करनी चाहिए।


बन ने आगे कहा कि देश की चिंता करने के लिए 140 करोड़ जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सक्षम हैं। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भाजपा की स्थिति मजबूत हो रही है और वहां की जनता परिवर्तन चाहती है।
उन्होंने ममता बनर्जी और एम. के. स्टालिन की सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन राज्यों में जनता मौजूदा नेतृत्व से नाराज है और आगामी चुनावों में भाजपा को समर्थन मिल सकता है।
महिला मोर्चा के संदर्भ में बन ने कहा कि महिलाओं ने अपने अधिकारों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन राऊत ने इस पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राऊत देशविरोधी तत्वों के प्रदर्शनों पर चुप रहते हैं, जबकि महिलाओं के आंदोलनों पर आपत्ति जताते हैं।
इसके अलावा, बन ने बारामती और राहुरी उपचुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि सुनेत्रा पवार और अक्षय कर्डिले को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और उनकी जीत तय है। उन्होंने रोहित पवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बारामती पर उनका दावा सफल नहीं होगा।
भाजपा नेता ने अंत में कहा कि महायुति को जनता का समर्थन मिल रहा है और भविष्य में भी यही जनादेश कायम रहेगा।


