मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में एक निजी कंपनी के कर्मचारी, अशरफ को महिला सहकर्मी के साथ कथित यौन उत्पीड़न और स्टॉकिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस मामले की पुष्टि की है।


पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक कॉर्पोरेट कंपनी में थर्ड-पार्टी टेली-कॉलर के रूप में कार्यरत है, जबकि आरोपी भी उसी कंपनी में काम करता है। इस मामले में गुरुवार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 (यौन उत्पीड़न), 78(2) (स्टॉकिंग) और 79 (महिला की मर्यादा का अपमान) के तहत FIR दर्ज की गई है। इसके साथ ही आईटी एक्ट 2000 की धारा 69A भी जोड़ी गई है।
पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी ने उसे कई बार अश्लील संदेश भेजे, यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाला और आपत्तिजनक तस्वीरें साझा कीं। इतना ही नहीं, उसने महिला सहकर्मियों के बारे में भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
बताया जा रहा है कि यह उत्पीड़न 21 अप्रैल से शुरू हुआ, जब आरोपी ने किसी तरह पीड़िता का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद उसने लगातार अश्लील मैसेज, वॉइस कॉल और यौन संबंध बनाने की मांग करनी शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।


