मुंबई वार्ता संवाददाता

“उल्टा चोर कोतवाल को डांटे”, कहावत को चरितार्थ करते हुए
मुंबई के वर्ली इलाके में बीजेपी रैली के दौरान ट्रैफिक जाम को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन से बहस करने वाली एक महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। यह घटना मंगलवार को उस समय हुई जब बीजेपी द्वारा संसद और राज्य विधानसभाओं में 33% महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में कथित बाधा के विरोध में रैली निकाली जा रही थी।


रैली के दौरान ट्रैफिक बाधित होने से नाराज एक महिला ने मंत्री महाजन को घेर लिया और उनसे रैली को पास के खुले मैदान में ले जाने की मांग की। इस दौरान उसने कहा, “यहां से हट जाइए, आप ट्रैफिक जाम कर रहे हैं।” घटना उस समय हुई जब मंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
बुधवार को वर्ली पुलिस स्टेशन में जेन सदावर्ते ने महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वह एडवोकेट गुणरत्न सदावर्ते की बेटी हैं। शिकायत में महिला पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, सार्वजनिक सेवकों के काम में बाधा डालने, पुलिस और जनप्रतिनिधियों का अपमान करने और सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 195, 221, 352 और 353 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
मंत्री गिरीश महाजन ने महिला की नाराजगी को कुछ हद तक जायज़ बताया, लेकिन उसकी भाषा को अनुचित करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। वहीं मुंबई की मेयर रितु तावडे ने रैली के कारण आम लोगों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। पुलिस ने रैली आयोजकों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।


