श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के पायधुनी इलाके में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को ड्रग्स की लत लगवाता था।


प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 से 9:30 बजे के बीच घोघारी मोहल्ला स्थित एस.के. ग्लास बीड्स दुकान के पास पुलिस गश्त के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में कुछ छिपाते हुए दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से काले रंग की बैग में रखा 756 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही पंचनामा कर सीलबंद कर जब्त किया गया।


इसके बाद आरोपी फैसल मेहमूद थय्युम उर्फ फैसल घाची (38), निवासी घोघारी मोहल्ला, पायधुनी, को रात 11:55 बजे गिरफ्तार कर पायधुनी पुलिस थाने लाया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(क) सह 20(ब)(ii)(अ) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
ज्ञात हो कि फैसल घाची के खिलाफ पायधुनी पुलिस थाने में 11 आपराधिक मामले, नागपाड़ा पुलिस थाने में 2 और एल.टि. मार्ग पुलिस थाने में 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फैसल दक्षिण मुंबई इलाके में छोटे-छोटे बच्चों को ड्रग्स की लत लगवाता है और जब वे ड्रग्स के आदी हो जाते हैं तो उनसे ड्रग्स पैडलिंग करवाता है।
पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग (जोन-2) के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई पायधुनी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद गावकर की टीम ने की है।


