श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के चर्चित नेस्को ड्रग ओवरडोज मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाले वित्तीय लेनदेन सामने आए हैं। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी जिया जैकब के बैंक खाते में पिछले सात महीनों में 50 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन का खुलासा हुआ है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिया का सह-आरोपी आयुष साहित्य के साथ लगातार पैसों का लेनदेन होता था। दोनों के बीच व्हाट्सएप और स्नैपचैट पर लंबे समय से बातचीत भी होती रही है। बैंक खातों की जांच में जिया के अन्य आरोपियों—आनंद पटेल, विनीत गेरेलानी और शुभ अग्रवाल—से भी आर्थिक संबंध सामने आए हैं, जिससे एक बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान आयुष साहित्य ने जिया के लिव-इन पार्टनर “मार्क” का नाम उजागर किया। उसने बताया कि वह ड्रग्स “मार्क” से लेता था और भुगतान जिया के बैंक खाते में करता था।पुलिस के अनुसार, “मार्क” 14 अप्रैल से फरार है और किसी से संपर्क में नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि वह देश छोड़कर भाग गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या “मार्क” इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर है या जिया खुद ही ड्रग सप्लाई में सक्रिय थी।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या जिया के बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी की तरह अवैध लेनदेन के लिए किया गया। हालांकि अब तक “मार्क” से जुड़े सीधे वित्तीय लेनदेन का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
जिया का दावा है कि वह पिछले एक साल से “मार्क” के संपर्क में नहीं है। इस आधार पर पुलिस आयुष साहित्य को मुख्य सप्लायर मानकर भी जांच आगे बढ़ा रही है।वानराई पुलिस ने “मार्क” के भाई से भी पूछताछ की, लेकिन उसने बताया कि उनका उससे कई वर्षों से कोई संपर्क नहीं है।
■ ड्रग सप्लाई का तरीका :-
● ड्रग्स की डिलीवरी कूरियर और पोर्टर सेवाओं के जरिए की जाती थी.
● भुगतान यूपीआई के माध्यम से किया जाता था.
● बातचीत स्नैपचैट और व्हाट्सएप पर होती थी और सबूत मिटाने के लिए चैट डिलीट कर दी जाती थी
■ बार डांसर का अतीत आया सामने:
जांच में यह भी सामने आया है कि जिया जैकब पहले एक बार डांसर रह चुकी है। वह अंधेरी में एक रेड के दौरान चार अन्य महिलाओं के साथ पकड़ी गई थी। इस संबंध में 2020-21 में ओशिवारा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी और बाद में उसे पुनर्वास केंद्र भेजा गया था। हालांकि जिया खुद को एक अभिनेत्री बताती है।पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और फरार “मार्क” की तलाश तेज कर दी गई है।


