मुंबई वार्ता संवाददाता

बकरी ईद के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने देवनार बूचड़खाने में नागरिकों और व्यापारियों के लिए व्यापक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी ने बताया कि 17 से 30 मई 2026 के बीच यहां भैंस वर्गीय पशुओं और बकरों का बाजार लगाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पानी, वाहन पार्किंग, उपाहारगृह और सीसीटीवी निगरानी जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे के निर्देश पर आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया। अनुमान है कि इस वर्ष 28 मई 2026 को बकरी ईद मनाई जाएगी।


डॉ. अश्विनी जोशी ने बताया कि 28 से 30 मई के बीच मुंबई में धार्मिक पशुवध के लिए कुल 109 स्थानों को अनुमति दी गई है। नागरिक अब MyBMC मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं, पशु आयात परमिट और स्लॉट बुकिंग की सुविधा भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भैंस वर्गीय पशुओं का धार्मिक वध केवल देवनार बूचड़खाने में ही अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
बीएमसी की ओर से 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। नागरिकों की सहायता के लिए 9076000481, 9076000482, 9076000483 और 9076000484 हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाएंगे।
देवनार बूचड़खाने में पशुओं के लिए स्थायी और अस्थायी मिलाकर करीब 1.10 लाख वर्गमीटर क्षेत्र में आश्रय की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा धार्मिक पशुवध के लिए 10 हजार वर्गमीटर अतिरिक्त जगह उपलब्ध रहेगी। प्रतिदिन 1.3 एमएलडी पानी के साथ 1 एमएलडी अतिरिक्त जलापूर्ति की जाएगी। परिसर में 10 पानी केंद्र और करीब 150 पानी की टंकियां लगाई जाएंगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 2 स्वास्थ्य केंद्र, 2 एंबुलेंस, पशुओं के लिए 2 प्राथमिक पशु चिकित्सा केंद्र और पशु चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था के लिए प्रतिदिन 215 सफाई कर्मचारी, 6 पिकअप वैन, 3 जेसीबी, 3 डंपर और मृत पशुओं को हटाने के लिए 2 विशेष वाहन तैनात किए जाएंगे। ईद के मुख्य तीन दिनों में अतिरिक्त 600 सफाई कर्मचारी नियुक्त रहेंगे।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर में 21 पुलिस चौकियां, 2 निगरानी टॉवर, करीब 500 पुलिसकर्मी और 200 सुरक्षा रक्षक तैनात रहेंगे। निगरानी के लिए 210 स्थायी सीसीटीवी कैमरों के साथ बुलेट, डोम और पीटीजेड कैमरे भी लगाए जाएंगे। साथ ही अतिरिक्त 132 अस्थायी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
बीएमसी ने क्यूआर कोड आधारित जांच और सत्यापन प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है, जिससे पशुओं की आवाजाही और पंजीकरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और नियंत्रित हो सकेगी।
परिसर में 250 सीट क्षमता वाले सार्वजनिक शौचालय, 15 स्थायी और 100 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं के लिए अलग स्नानगृह भी बनाए जाएंगे। बारिश को देखते हुए जलनिकासी और पानी निकासी पंप की व्यवस्था की जा रही है।
अग्निशमन विभाग की ओर से 2 फायर इंजन, 7 प्रशिक्षित फायर मार्शल, 2759 अग्निशामक यंत्र, 2750 रेत की बाल्टियां और 200 पानी टैंक तैनात रहेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए 5 स्थायी और 8 अस्थायी उपाहारगृह भी शुरू किए जाएंगे।


