मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा (दक्षिण मुंबई जिला) के अध्यक्ष याकूब युसुफ शेख ने मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर आकाश घुगे उर्फ पप्पू छट्टी और आकाश चव्हाण पर आपराधिक गतिविधियों तथा पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।


शिकायत पत्र पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दक्षिण क्षेत्र, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था, डीसीपी पोर्ट जोन, एसीपी येलो गेट डिवीजन और येलो गेट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक को भेजा गया है।पत्र में आरोप लगाया गया है कि आकाश घुगे, उसके साथी अन्वर मदार, राज किशोर दास उर्फ राजू पंडित पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।


शिकायत के अनुसार, भायखला पुलिस स्टेशन में होटल और बार नियमों के उल्लंघन के मामले में उसे सजा हो चुकी है। इसके अलावा सेवरी पुलिस स्टेशन में मुंबई पोर्ट अथॉरिटी से जुड़े सरकारी काम में बाधा डालने का मामला भी दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि फेरी व्हार्फ (भाऊचा धक्का) पर जब्त किए गए 17 टन हाई-स्पीड डीजल मामले की जांच को प्रभावित करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय के नाम का इस्तेमाल कर डीसीपी पोर्ट जोन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी खुद को एनजीओ प्रमुख बताकर लोगों को गुमराह कर रहा है।याकूब शेख ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही आकाश चव्हाण से जुड़े मामलों की पुनः जांच की भी मांग की गई है।


