श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय में महिला कर्मचारी से कथित छेड़छाड़ के मामले में एक बीएमसी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आज़ाद मैदान पुलिस स्टेशन ने आरोपी अधिकारी इरफान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 78 और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अधिकारी को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। शिकायतकर्ता, जो स्वयं भी बीएमसी कर्मचारी हैं, ने आरोप लगाया है कि वह कार्यालयीन काम से अधिकारी से मिलने गई थीं, जहां आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उनके साथ अनुचित व्यवहार किया।


महिला कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अधिकारी लगातार उनका पीछा करता था और उन्हें परेशान करता था।
इस बीच, बीएमसी प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच पुलिस और बीएमसी प्रशासन दोनों स्तरों पर जारी है।


