मुंबई वार्ता संवाददाता

भाजपा प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह देने से पहले उन्हें अपनी पार्टी की दिशा और स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।
नवनाथ बन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश का सक्षम नेतृत्व कर रहे हैं और इसी वजह से जनता ने उन्हें लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि राज ठाकरे ने इतना लंबा ट्वीट अपनी पार्टी की विचारधारा, संगठन और विस्तार के लिए लिखा होता, तो उनकी पार्टी को ज्यादा फायदा होता।


उन्होंने शरद पवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद देश में बेचैनी की बात करने वाले पवार यह बताएं कि जब इंदिरा गांधी ने सोना खरीदने से बचने की अपील की थी, तब किसे बेचैनी हुई थी।
बन ने कहा कि यूपीए शासनकाल में महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में किसान आत्महत्याएं हुईं, लेकिन उस समय किसी ने चिंता व्यक्त नहीं की। उन्होंने यूपीए सरकार के दौरान पेट्रोल-डीजल पंप रात में बंद रहने और 2जी-3जी जैसे घोटालों का भी उल्लेख किया।
भाजपा नेता ने रोहित पवार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें चुनाव आयोग और एसआईआर पर टिप्पणी करने के बजाय पहले अपने विधानसभा क्षेत्र और पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता एसआईआर नहीं, बल्कि जनता द्वारा ममता बनर्जी के “आतंक” के खिलाफ दिया गया जवाब है।


