श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

महानगर गैस लिमिटेड ने मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सीएनजी (Compressed Natural Gas) की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। नई दरें गुरुवार, 14 मई 2026 की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं।
कीमत बढ़ने के बाद मुंबई और आसपास के उपनगरों में सीएनजी अब ₹84 प्रति किलो मिलेगी। कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता और गैस खरीद लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा।


एमजीएल ने अपने बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है। इसके अलावा महंगे गैस स्रोतों पर बढ़ती निर्भरता, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी से गैस खरीद की लागत काफी बढ़ गई है। इसी वजह से कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया।
ईरान से जुड़े तनाव और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में तेजी देखी जा रही है, जिसका असर अब मुंबई के उपभोक्ताओं पर भी पड़ने लगा है।
मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इस बढ़ोतरी का असर सार्वजनिक परिवहन और रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों पर पड़ने की संभावना है।
एमजीएल के आंकड़ों के अनुसार, एमएमआर में करीब 12.8 लाख वाहन सीएनजी पर चलते हैं। इनमें लगभग 4.7 लाख ऑटो-रिक्शा, 1.6 लाख से अधिक टैक्सियां और 5 लाख से ज्यादा निजी कारें शामिल हैं।


