मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर की वृक्ष संपदा को सुरक्षित रखने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। महानगरपालिका सार्वजनिक स्थानों पर लगे पेड़ों को टैंकर के जरिए पानी उपलब्ध करा रही है, ताकि तेज गर्मी के कारण पेड़ों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को रोका जा सके और मुंबईकरों को हरियाली व ठंडक मिलती रहे।


बीएमसी प्रशासन के अनुसार, अत्यधिक गर्मी के कारण जमीन की नमी तेजी से कम हो रही है, जिससे पेड़ों की जड़ें कमजोर पड़ने और पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा शाखाएं सूखकर कमजोर हो सकती हैं, जिससे उनके टूटने की आशंका भी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका ने पेड़ों को नियमित रूप से पानी देने का अभियान शुरू किया है।


महानगरपालिका ने बताया कि इस कार्य के लिए पीने योग्य नहीं, लेकिन पेड़ों के लिए उपयुक्त पानी का उपयोग किया जा रहा है। घनकचरा व्यवस्थापन विभाग की ओर से सड़क सफाई अभियान के दौरान पानी के टैंकरों के माध्यम से पेड़ों को पानी दिया जा रहा है।
जी दक्षिण विभाग में केशवराव खाड्ये मार्ग सहित सांताक्रूज़ और जुहू क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के साथ पेड़ों को पानी देने की विशेष मुहिम चलाई गई है। वहीं उद्यान विभाग भी शहर के विभिन्न हिस्सों में पेड़ों की देखभाल, आवश्यक स्थानों पर पानी की व्यवस्था और उनके स्वास्थ्य की निगरानी लगातार कर रहा है।
बीएमसी ने निजी परिसरों और हाउसिंग सोसायटियों से भी अपील की है कि वे अपने परिसर में लगे पेड़ों को नियमित रूप से पानी दें। वृक्ष विशेषज्ञों के अनुसार समय पर पानी मिलने से पेड़ों की आंतरिक जल प्रवाह प्रक्रिया बेहतर रहती है और गर्मी से उत्पन्न तनाव कम होता है। इससे शाखाओं के सूखने, कमजोर होने और पेड़ों की स्थिरता कम होने जैसी समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के मौसम में अपने आसपास के पेड़ों की देखभाल करें और उन्हें समय-समय पर पानी देकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।


