श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

अश्विनी भिडे ने बुधवार को शहर क्षेत्र के ‘ए’, ‘सी’ और ‘डी’ विभागों में विभिन्न परिसरों, चौकियों और पंपिंग केंद्रों का आकस्मिक दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, कीटनाशक नियंत्रण, सड़क मरम्मत और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।


निरीक्षण में ‘ए’ विभाग के 74-मिंट रोड स्थित मुंबई की लगभग 100 वर्ष पुरानी पहली कीटनाशक नियंत्रण चौकी, ए-2 सड़क मरम्मत एवं भंडार चौकी तथा मलनिस्सारण चौकी का समावेश था। वहीं ‘सी’ विभाग में कमलाबाई कन्या शाला मार्ग स्थित स. का. पाटील उद्यान परिसर की सड़क मरम्मत एवं भंडार चौकी और विद्यार्थी अभ्यासिका का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा ‘डी’ विभाग के नाना चौक स्थित कीटनाशक चौकी तथा ‘जी दक्षिण’ विभाग के वरली स्थित लवग्रोव वर्षा जल पंपिंग स्टेशन का भी जायजा लिया गया।


निरीक्षण के दौरान आयुक्त अश्विनी भिडे ने कीटनाशक नियंत्रण में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न उपकरणों का प्रात्यक्षिक देखा और संबंधित कर्मचारियों से उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने मूषक नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही उपाय योजनाओं, चौकियों के कामकाज, कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी जांच की।
इस दौरान उन्होंने कीटनाशक, स्वच्छता और परिरक्षण विभाग के कर्मचारियों, कामगारों तथा नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि “मार्ग” (मैनेजमेंट एंड रिड्रेसल ऑफ ग्रिव्हियन्स) एप्लिकेशन पर नागरिकों से प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही सभी अधिकारी और कर्मचारी सक्रियता के साथ काम करें।
इस अवसर पर उपायुक्त (परिमंडल-1) चंदा जाधव, उपायुक्त (परिमंडल-2) प्रशांत सपकाळे, उपायुक्त (महानगरपालिका आयुक्त कार्यालय) प्रशांत गायकवाड, सहायक आयुक्त (ए विभाग) गजानन बेल्लाळे, सहायक आयुक्त (सी विभाग) अलका ससाणे तथा सहायक आयुक्त (डी विभाग) संतोष साळुंके सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


