■ 239 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त, 9.79 लाख रुपये कीमत के ड्रग्स के साथ 5 लाख रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा बरामद।
मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

समतानगर पुलिस ने मादक पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) की बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 239 ग्राम मेफेड्रोन जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 79 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 5 लाख रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा भी बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को समतानगर पुलिस थाने के हद में रमाशंकर चाल, बिहारी टेकड़ी, पोईसर, कांदिवली पूर्व, मुंबई में मेफेड्रोन की बिक्री किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। इस दौरान माला हरिश्चंद्र राय और अविनाश मोहननाथ झा उर्फ लोटा के घर के पीछे की खिड़की से छत पर एक बैग फेंका गया। पुलिस को कुछ दूरी पर खड़े होकर निगरानी करने पर माला राय बैग को अपनी खिड़की के पास छत पर छिपाते हुए दिखाई दी।पुलिस ने संदिग्ध बैग की तलाशी ली तो उसमें दो पाउच मिले। इन पाउच से 239 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 9 लाख 79 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा 5 लाख रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा भी मिला।


इसके बाद माला हरिश्चंद्र राय, अविनाश मोहननाथ झा उर्फ लोटा और पूजा राय के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत 29 सितंबर 2026 को मामला दर्ज किया गया।मामले की जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसमें पता चला कि आरोपी माला राय और अविनाश उर्फ लोटा तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तिरुनेलवेली पहुंचकर 26 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने उनके घर की तलाशी के दौरान 2 लाख 50 हजार रुपये नकद भी जब्त किए।गिरफ्तार आरोपियों के नाम:* माला हरिश्चंद्र राय (27), निवासी रमाशंकर सिंह चाल, भाजीपाड़ा, गांदेवी रोड, पोईसर, कांदिवली पूर्व, मुंबई।* अविनाश मोहननाथ झा उर्फ लोटा (39), निवासी जोगिंदर सिंह चाल, भाजीवाड़ी, बिहारी टेकड़ी, पोईसर, कांदिवली पूर्व, मुंबई।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई को उत्तर प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त शशिकुमार मीना, उत्तर परिमंडल-3 के पुलिस उपायुक्त गजानन शिवलिंग राजमाने और समतानगर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त कैलास बर्वे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जयवंत शिंदे के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक धनंजय कावडे, सपोनि राऊत, पुलिस उपनिरीक्षक भोसले, पुलिस उपनिरीक्षक तोंडवलकर तथा पुलिसकर्मियों ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस टीम के अथक प्रयासों से करीब एक महीने तक फरार रहे दोनों आरोपियों को तमिलनाडु से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।


