श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.8 करोड़ रुपये मूल्य का 3 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। इस कार्रवाई को डीआरआई ने ‘ऑपरेशन गोल्डन ड्रॉप’ नाम दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।


डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने एक संगठित सोना तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया, जो एयरपोर्ट के ट्रांजिट सिस्टम का इस्तेमाल कर भारत में अवैध रूप से सोना पहुंचा रहा था।
जांच में सामने आया कि तस्कर सोने की धूल को पहले मोम के रूप में बदलते थे और फिर उसे अंडाकार विशेष कैप्सूल में छिपाते थे। इन कैप्सूल को ट्रांजिट यात्रियों द्वारा निगलकर मुंबई लाया जाता था, ताकि कस्टम जांच से बचा जा सके।
डीआरआई के मुताबिक, एयरपोर्ट के अंदर मौजूद एक फूड आउटलेट में काम करने वाला सफाई कर्मचारी इस तस्करी नेटवर्क में शामिल था। आरोप है कि वही कर्मचारी यात्रियों से सोना लेकर उसे गुप्त रूप से एयरपोर्ट परिसर से बाहर पहुंचाता था। इसी कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह ट्रांजिट यात्रियों और एयरपोर्ट सपोर्ट सेवाओं का दुरुपयोग कर कस्टम ड्यूटी और सुरक्षा जांच से बचने की कोशिश कर रहा था।
डीआरआई ने कहा कि यह बरामदगी देश में सोना तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता है। साथ ही इस मामले ने एयरपोर्ट के भीतर अंदरूनी मदद से चल रहे संगठित तस्करी नेटवर्क की ओर भी इशारा किया है।
फिलहाल डीआरआई पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।


