श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपी इकबाल मोहम्मद अली शेख (36) को PIT-NDPS एक्ट के तहत एक वर्ष के लिए नजरबंद कर दिया है। आरोपी को पुणे के येरवडा केंद्रीय कारागार में रखा गया है।


एंटी नारकोटिक्स सेल की वर्ली यूनिट ने वर्ष 2024 में दर्ज एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जमानत पर छूटने के बाद फिर से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय हो गया था।


मुंबई पुलिस ने आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ PIT-NDPS एक्ट 1988 के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव महाराष्ट्र शासन को भेजा था। गृह विभाग से मंजूरी मिलने के बाद 24 मई 2026 को उसे येरवडा जेल में नजरबंद किया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में PIT-NDPS एक्ट के तहत यह सातवीं कार्रवाई है। आरोपी इकबाल शेख पर वर्ली, धारावी और साकीनाका पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल आठ मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व एंटी नारकोटिक्स सेल के पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले ने किया।


