श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर शुरू की गई एसी लोकल सेवाओं को यात्रियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। अतिरिक्त फेरे शुरू होने के बाद केवल 15 दिनों में एसी लोकल से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में करीब 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही राजस्व में भी 66.43 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।


मध्य रेलवे ने हार्बर लाइन पर 26 जनवरी 2026 से एसी लोकल सेवा शुरू की थी। यात्रियों से लगातार मिल रहे सकारात्मक प्रतिसाद को देखते हुए 1 मई से 14 अतिरिक्त एसी फेरे शुरू किए गए। इसके बाद मध्य रेलवे पर एसी लोकल फेरे की कुल संख्या बढ़कर 108 हो गई है, जिसमें मुख्य मार्ग पर 80 और हार्बर लाइन पर 28 फेरे शामिल हैं।
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, 16 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच हार्बर एसी लोकल से 2.34 लाख यात्रियों ने सफर किया था। वहीं, अतिरिक्त फेरे शुरू होने के बाद 1 मई से 15 मई के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़कर 3.86 लाख तक पहुंच गई। यानी यात्रियों की संख्या में 64.97 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
यात्रियों की बढ़ती संख्या के साथ राजस्व में भी बड़ी छलांग देखने को मिली है। एसी लोकल से मिलने वाला राजस्व 1.18 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.96 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो 66.43 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
इसी बीच, एसी लोकल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए मुंबई मंडल द्वारा विशेष टिकट जांच अभियान भी तेज कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन और एसी लोकल ट्रेनों में नियमित जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले यात्रियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
मध्य रेलवे ने कहा है कि आरामदायक, तेज और प्रीमियम यात्रा विकल्प के रूप में हार्बर एसी लोकल यात्रियों की पहली पसंद बनती जा रही है, जिसका स्पष्ट संकेत हालिया आंकड़ों से मिल रहा है।


