मुंबई वार्ता संवाददाता

अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ के बाहर रविवार को आयोजित होने वाले मशहूर ‘संडे दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान एक फैन अचानक बेहोश हो गया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के मुताबिक, जुहू स्थित ‘जलसा’ के बाहर हर रविवार की तरह बड़ी संख्या में प्रशंसक अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और पानी पिलाकर होश में लाने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी भीड़ और गर्मी की वजह से युवक की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे।
फैन के बेहोश होने के बाद आसपास मौजूद लोग ने उसे घेर लिया, जबकि सुरक्षाकर्मी भी हालात संभालने में जुट गए। हालांकि, बाद में युवक की हालत सामान्य बताई गई।
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने बंगले ‘जलसा’ के बाहर आकर फैंस का अभिवादन करते हैं। इस ‘संडे दर्शन’ को देखने के लिए देशभर से प्रशंसक मुंबई पहुंचते हैं।


