श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबईकरों की पसंदीदा पहचान बन चुका वडापाव अब यात्रियों की जेब पर भारी पड़ने वाला है। मध्य रेलवे ने अपने स्टेशनों पर बिकने वाले वडापाव, समोसा और अन्य खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 1 जून से लागू होंगी।


नई दरों के मुताबिक, रेलवे स्टॉल्स पर मिलने वाला वडापाव अब 13 रुपये की जगह 20 रुपये में मिलेगा। वहीं समोसे की कीमत 12 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा रगड़ा पाव का दाम 20 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी से रोजाना लोकल ट्रेन से सफर करने वाले लाखों यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।


मुंबई की पहचान माने जाने वाले वडापाव की बढ़ती कीमतों ने आम यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। खस्ता वडा, मुलायम पाव, लाल चटनी और हरी मिर्च के साथ मिलने वाला यह लोकप्रिय स्ट्रीट फूड लंबे समय से कम कीमत में लोगों का पसंदीदा नाश्ता रहा है। लेकिन अब इसकी कीमत में सीधे 7 रुपये की बढ़ोतरी की जा रही है।
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन के मध्य, पश्चिम और हार्बर रूट पर हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं। इनमें से मध्य रेलवे के कई स्टेशनों पर मौजूद स्टॉल्स यात्रियों के लिए सस्ते खाद्य विकल्प उपलब्ध कराते हैं। अब इन स्टॉल्स पर मिलने वाले कई खाद्य पदार्थ महंगे होने जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रेलवे प्रशासन खाद्य पदार्थों की मात्रा और गुणवत्ता की भी समीक्षा कर रहा है। यात्रियों के लिए मेन्यू में कुछ नए विकल्प भी जोड़े जाएंगे, जिनमें स्लश ड्रिंक्स, क्रीम डोनट्स, सूप, डोसा और नूडल्स शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि देशभर में बढ़ती महंगाई, एलपीजी और ईंधन की बढ़ती कीमतों को देखते हुए यह दरवृद्धि की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि जूस और सोडा उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।


