मुंबई वार्ता संवाददाता

जुहू चौपाटी पर शुक्रवार शाम समुद्र में डूबने की एक दुखद घटना में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। यह घटना जुहू पश्चिम स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल के पास हुई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7:31 बजे बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अग्निशमन दल (एमएफबी) को समुद्र में एक किशोर के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।
अग्निशमन दल और लाइफगार्ड की टीम ने सरफराज खान (16) को समुद्र से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए कूपर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


