मुंबई वार्ता संवाददाता

वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित एक कॉन्सर्ट के दौरान 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में ताड़देव पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) क्रमांक 17/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस उपायुक्त जयंत मीना ने दी है।


पुलिस के अनुसार, युवक कॉन्सर्ट में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे एम्बुलेंस से ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी कॉन्सर्ट के दौरान एक अन्य 31 वर्षीय महिला की भी तबीयत खराब हो गई थी। उसे उपचार के लिए जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आवश्यक चिकित्सा सहायता देने के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने उस समय शराब और एनर्जी ड्रिंक का सेवन किया था। अब तक किसी प्रकार के मादक पदार्थ के सेवन की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इसके तहत कार्यक्रम स्थल के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है।


