श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मानसून के मद्देनज़र ‘एस’ वार्ड क्षेत्र के विक्रोली और भांडुप की पहाड़ी ढलानों पर रहने वाले झोपड़पट्टीवासियों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित होने की अपील की है।


बीएमसी प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के दौरान पहाड़ियों से भूस्खलन, दरारें पड़ने, पानी के तेज बहाव से घरों के ढहने तथा नालों में बाढ़ आने जैसी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने की आशंका है।


यह चेतावनी विक्रोली पश्चिम के सूर्यानगर तथा पवई के इंदिरानगर, गौतम नगर, पासपोली और जयभीम नगर सहित भांडुप पश्चिम के रमाबाई आंबेडकर नगर (भाग-1 व 2), नरदास नगर, गावदेवी टेकड़ी, गावदेवी मार्ग, टेंभीपाड़ा, रावते कंपाउंड, खिंडीपाड़ा, रामनगर, हनुमान नगर, हनुमान टेकड़ी, अशोक टेकड़ी और आंब्याची भरणी क्षेत्रों के निवासियों के लिए जारी की गई है।
बीएमसी के अनुसार, इन क्षेत्रों की खतरनाक इमारतों और झोपड़ियों को पहले ही नोटिस और सावधानी संबंधी निर्देश दिए जा चुके हैं। प्रशासन ने एक बार फिर स्थानीय नागरिकों से स्वयं पहल कर सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।
सहायक आयुक्त, ‘एस’ वार्ड ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बावजूद यदि कोई निवासी वहां रहने का निर्णय लेता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं उसकी होगी। प्राकृतिक आपदा के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जनहानि या संपत्ति के नुकसान के लिए महानगरपालिका प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा।


