मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा कांदिवली (पूर्व) में स्थापित ‘अटल बिहारी वाजपेयी कौशल विकास केंद्र’ का गुरुवार को महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मीनल तुर्डे और समिति के सदस्यों ने दौरा कर केंद्र के कामकाज तथा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान नियोजन विभाग की निदेशक डॉ. प्राची जांभेकर भी उपस्थित थीं।


निरीक्षण के दौरान समिति ने केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और युवाओं के लिए संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तृत जायजा लिया। केंद्र में ब्लू स्टार, आईटीसी और बजाज फिनसर्व जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के सहयोग से हॉस्पिटैलिटी, ग्राफिक डिजाइन, साइबर सुरक्षा, जापानी भाषा, फैशन डिजाइनिंग, बीएफएसआई (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा) तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे आधुनिक विषयों का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।


बीएमसी के अनुसार, इस केंद्र के माध्यम से मुंबई के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। महिला एवं बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने केंद्र के कार्य और उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया।
समिति की बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गई कि आने वाले समय में अधिक से अधिक जरूरतमंद युवाओं तक कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने और प्रशिक्षण केंद्र की गतिविधियों का विस्तार करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बीएमसी का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकों और रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।


