मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा के तहत मुंबई की महापौर श्रीमती ऋतु तावड़े ने 12 जून को अंधेरी सबवे, मिलन सबवे, गांधी मार्केट तथा हिंदमाता स्थित लघु पंपिंग स्टेशनों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित जनप्रतिनिधि और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


अंधेरी सबवे के निरीक्षण के दौरान विधायक मुरजी पटेल ने कहा कि यह क्षेत्र अत्यंत निचला होने के कारण हर वर्ष बरसात में जलभराव की समस्या से जूझता है और इसके स्थायी समाधान की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को विधानसभा के विभिन्न सत्रों में भी लगातार उठाया गया है।


अधिकारियों ने महापौर को जानकारी दी कि अंधेरी सबवे में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार किया जा रहा है और व्यवहार्य उपायों को लागू करने की दिशा में काम चल रहा है।
महापौर ऋतु तावड़े ने कहा कि अंधेरी सबवे में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही महापौर कार्यालय में संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि इस वर्ष मानसून के दौरान अतिरिक्त पंपिंग यूनिट लगाई जाए, ताकि बारिश का पानी तेजी से निकाला जा सके।
इसके अलावा महापौर ने मिलन सबवे, गांधी मार्केट और हिंदमाता स्थित लघु पंपिंग केंद्रों तथा वर्षा जल संचयन टैंक परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को पूरे मानसून के दौरान सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से चालू रखने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
निरीक्षण के अंत में महापौर ने हिंदमाता फ्लाईओवर के नीचे स्थित स्केट पार्क में चल रहे गहन सफाई, मरम्मत और रंगरोगन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य शीघ्र पूरा कर स्केट पार्क को पहले की तरह खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराया जाए।


